तुम्हारी स्मृति को आग की तरह बरतते हुए
मैंने कविताओं को घर की तरह बरता
उन दिनों रहने के लिए इसके अलावा
और क्या ही जगह थी
उदासी की वजह तलाशते हुए
मैंने जब टटोला था अपने भीतर का एक अँधेरा कोना
वहाँ मिली थी तुम्हारी बहुत सारी अनकही बातें
और मेरे एक पाँव की चप्पल
दूसरी शायद तुम्हारे भीतर के अँधेरे में गुम हो कहीं
रेलगाड़ियों की पटरियों पर खड़े खड़े
मैं तुम्हारी बालकनी पर सूखता रहा हूँ
तुम्हारी छत पर पड़ती धूप के टुकड़े-सा
उतरता हुआ अपने ही मन में
तुम्हारी आख़िरी बात अभी भी मेरा रस्ता देखती है
मुझे नहीं मालूम वह मुझे
गले लगाएगी
या
मेरा सिर उतार कर
चली जाएगी चप्पल चटकाते हुए
किसी और ही ग्रह पर
तुमसे ज़्यादा मैं तुम्हारी आख़िरी बात का अपराधी हूँ
तुम्हारी आख़िरी बात
जिसमें तुमने बस इतना कहा था
प्रेम मनुष्य को जीवन भर मारता है
और फिर अंत में अमर कर देता है
मुझे दुःख बस इस बात का है
कि मैं जानता हूँ
अमरता मनुष्य के हिस्से आने वाली सबसे बड़ी त्रासदी है
और मैं इस त्रासदी के हिस्से आ चुका हूँ
अब अमरता मेरे हिस्से आएगी।








