लिखकर फाड़ी गई कविताओं में ढूँढ़ना मुझे
मैं तुम्हें तुम्हारी स्मृतियों की गुफाओं में मिलूँगा
तुम्हारी साइकिल के गुच्छे से लटका हुआ
तुम्हारे रास्ते में पेड़ की तरह खड़ा हुआ
किसी कुम्हार की ज़रूरी नींद में जागता हुआ मैं
सो जाऊँगा एक दिन
तुम्हारे नाम लिखी किसी कविता में
ऐसे भी जिया जा सकता है जीवन
जैसे तुम्हारे बालों में सजता है गजरा
ऐसे भी मिला जा सकता है
जैसे मिलता है शरीर पंचतत्त्वों में
ऐसे भी बिछड़ा जा सकता है
जैसे बिछड़ती है आँसू की बूँद आँखों से
ऐसे भी याद रखा जा सकता है
जैसे याद रखते हैं हम अपना नाम
ऐसे भी भुलाया जा सकता है
जैसे भूल जाते हैं हम कि हमें मरना भी है
प्रेम के पाँव में चुभे हुए काँटों से बनाया ईश्वर
और हृदय में धँसी हुई फाँस ने कवि
प्रेमी किसी चीज़ से बनते हैं
ये ठीक-ठीक न ईश्वर जानता है
और न कवि।








