एक बरसात से दूसरी बरसात तक जाते हुए
बीच में मिलती है सर्दी और गर्मी
बहुत से लोग उनकी प्यास,
उदास कुत्ते और उनकी भूख
बेहाल परिंदे और उनके क्षतिग्रस्त पंख
एक नदी और उसकी अनंत व्यथाएँ
एक कहानी और उसके हज़ार संभावित अंत
मेरी माँ की टूटी ऐनक
उस ऐनक से छिटक कर गिरा एक नवजात दृश्य
भाषा की माँद में सोती एक ख़ूँख़ार असमर्थता
और एक निरीह कर्तव्यबोध
एक कविता
और बहुत कुछ अपरिभाषित-अपरिचित
अपने आपको छू लेता हूँ रह-रहकर
यह जाँचने के लिए कि
चलते हुए तो लगभग जीवित था
पहुँचते हुए लगभग मर तो नहीं गया?








