कुत्ता और दिसंबर की रात

अनुराग अनंतअनुराग अनंत9 Jul 1989

1 min read · 12.4K reads

जीवन में दुर्भाग्य की एक रेखा

बेक़ाबू ट्रक की तरह घुसी

और दुर्घटनाओं का मानचित्र बनाती हुई

उस पेड़ से जा टकराई

जिसकी जड़ों में मेरी माँ के आँचल में बंधे सिक्के गाड़े थे मैंने

मेरी प्रार्थनाओं को गृहस्थ महिलाओं की तरह

ईश्वर के पैर दबाकर सो जाना था

पर वे तवायफ़ों की तरह जागती रहीं

दुनिया ने दिन में बदचलन कहा उन्हें

और रात में शराब पीकर उन्हीं से लिपट गईं

कचरा बीनने वाले बच्चों के हाथों में अगर उभर आए आईना

तो बादशाह का चेहरा बदरंग पड़ जाएगा

ईश्वर की नींद टूट जाएगी

और मेरी प्रार्थनाएँ

मासूम बच्चियों-सी किलकारी मारकर हँसेंगी

बस उसी एक दिन के लिए

एक अधमरी आस्था जिगर से लगाए

इस ठिठुरते समय में जी रहा हूँ

जैसे कोई भिखारी

किसी अधमरे कुत्ते को सीने से लगाए

काटता है दिसंबर की सर्द रात।

अनुराग अनंत
About the poet

अनुराग अनंत

नई पीढ़ी के कवि। पत्रकारिता से भी जुड़ाव। मूल नाम : अनुराग अनंत जन्म : 09/07/1989 | इलाहाबाद, उत्तर प्रदेश

View profile & all 36 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like