खेलने की उम्र में खाने लगा था मैं

अनुराग अनंतअनुराग अनंत9 Jul 1989

1 min read · 12.4K reads

मार खाने और गाली खाने के बीच के अंतर को

मैंने अपनी भूख के ठीक बग़ल रखा

और तराज़ू बराबर हो गया

मैंने धोखा खाया

और फिर बहुत दिनों तक कुछ खाने को जी नहीं किया

पेट पीठ से सट गया

उदासी नदी के किनारे बैठी रही

मेरे भीतर के न जाने कितने राम

छपाक-छपाक कर कूद गए नदी में

किसी थाने में कोई केस दर्ज नहीं हुआ

किसी अदालत में कोई मुक़दमा नहीं चला

न जाने कितनी मौतें न्याय की राह देखती रहती हैं

अभागी प्रेमिकाओं की तरह—सूनी माँग लिए

मैंने मुँह की खाई तो पता चला प्रतियोगिता अन्याय का अखाड़ा है

प्रत्येक प्रतियोगिता से ठीक पहले एक प्रतिस्पर्धा होती है

नियम बनाने के अधिकार पर क़ब्ज़े की प्रतिस्पर्धा

और इसी प्रतिस्पर्धा का परिणाम लगभग तय कर देता है प्रतियोगिता का भविष्य

उसका परिणाम

हार जाने से कहीं ज़्यादा दुःखद होता है

लगभग हार जाना

हार के तय होने से ज़्यादा आतंकित करता है

हार का लगभग तय होना।

अनुराग अनंत
About the poet

अनुराग अनंत

नई पीढ़ी के कवि। पत्रकारिता से भी जुड़ाव। मूल नाम : अनुराग अनंत जन्म : 09/07/1989 | इलाहाबाद, उत्तर प्रदेश

View profile & all 36 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like