एक विक्षिप्त प्रेम कविता

अनुराग अनंतअनुराग अनंत9 Jul 1989

1 min read · 12.4K reads

मैंने ऐसी कोई ग़लती नहीं की

जैसे हाथों से काँच के गिलास गिर जाने पर होती है

मारने से पहले माथा चूमने की बुरी आदत थी उसे

हर बार माफ़ करता रहा उसे

उसी एक आदत के बदौलत

उसका नाम इश्क़ था

जब तक हमें यह पता चला

हमारे अपने अपने नाम खो चुके थे

इतना भी कठिन नहीं था

अपनी ही मृत्यु पर रोना

और इतना भी सरल नहीं था

तेज़ाब पीते हुए हँसना

हम जिस क़स्बे से थे

वहाँ रेशम में भी काँटे थे

और हवाओं में भी आग

हमने प्रेम किया था

ये किसी खूसट माली की बाग़ से फूल चुराने जैसा अपराध था

हमारी नंगी पीठ पर हमारे क़स्बे ने अपना पता लिखा

और हम लापता हो गए

इस तरह तुम दो बच्चों की माँ बनी

और मैं एक बेरोज़गार कवि

हम दोनों को अकेले-अकेले जो बनना था

हम बन गए

हम दोनों को साथ-साथ जो बनना था

उस पर पेशाब करके

एक प्रेम कविता को विक्षिप्त कर दिया गया

यह किसी क़ानून की किताब में अपराध नहीं था

इसलिए सबको भरपेट नींद आती रही

और हम भूखे पेट जागते रहे।

अनुराग अनंत
About the poet

अनुराग अनंत

नई पीढ़ी के कवि। पत्रकारिता से भी जुड़ाव। मूल नाम : अनुराग अनंत जन्म : 09/07/1989 | इलाहाबाद, उत्तर प्रदेश

View profile & all 36 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like