आँगन बुहारती स्त्री

अनुराग अनंतअनुराग अनंत9 Jul 1989

1 min read · 12.4K reads

सिर्फ़ कविता ही वह जगह है

जहाँ किसी सरकार का कोई बस नहीं चलता

कोई राजा अपनी मूँछ पर ताव नहीं दे सकता

जहाँ चाँद को भी रोटी बनाया जा सकता है

और सूरज को चूल्हा

वहाँ नदियों को उस माँ का आँसू भी कह सकते हो

जिसका दस साल का बच्चा परदेस गया है कमाने

कविता ही है वह जगह

जहाँ ईश्वर को भी मनुष्यों को तरह होना होता है

हँसना होता है, रोना होता है

वहाँ सीता की उदास आँखों पर वारी जा सकती है

राम की शक्तिपूजा

अग्नि-परीक्षा के बीचोंबीच

रच सकता है कवि

सीता के लिए एक अलग देश

एक अलग कहानी

जहाँ कोई राम चाह कर भी नहीं ले सकता किसी सीता की परीक्षा

जहाँ सिर्फ़ राम ही नहीं त्याग सकते

सीता भी त्याग सकती है राम को

कविता में बहेलियों के तीर

रास्ता भटक जाते हैं

और लगते हैं आखेट के देवता के हृदय में

उसका हृदय परिवर्तन हो जाता है

और वह मछलियों को चारा देने लगता है

कविता में एक दुनिया होती है

जिसमें धड़कता है

आँगन बुहारती एक स्त्री का हृदय।

अनुराग अनंत
About the poet

अनुराग अनंत

नई पीढ़ी के कवि। पत्रकारिता से भी जुड़ाव। मूल नाम : अनुराग अनंत जन्म : 09/07/1989 | इलाहाबाद, उत्तर प्रदेश

View profile & all 36 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like