आईना

अनुराग अनंतअनुराग अनंत9 Jul 1989

1 min read · 12.4K reads

किसी कवि की त्यागी गई कल्पना

किसी कविता का सूर्यास्त वाला हिस्सा

तुम्हारे घर के सामने वाला पेड़

तुम्हारे छत के ऊपर निकला चाँद

इनमें से किसी को भी आईने के सामने रखो

मेरा चेहरा ही उभरेगा

आईने में

अब तो उधर जाना नहीं होता

जिधर तुम्हारा मकान है और मेरी निष्फल प्रतीक्षा के निशान

वह गली एक आईना है

जिससे झाँकता है मेरा अतीत

और घायल हो जाता है मेरा वर्तमान

भविष्य जैसा कुछ मेरे जीवन में कभी रहा है नहीं

अगर नहीं होती यह नदी मेरे शहर में

बचना बहुत मुश्किल था

अवसान के उन दिनों में

साइकिल चलाते हुए ठहरा रहता था चित्त

चलते हुए धँस जाता था मन

सोचते-सोचते कई कई बार छोड़ दी थी मैंने यह दुनिया

यह नदी एक आईना है

जिसमें देखता हूँ मैं वे चेहरे

जिन्हें अब नहीं देख सकता उस तरह

जिस तरह देखने का आदी था उन्हें

मेरा परिचय भूल गया हूँ मैं

कोई पूछता है

तो कहता हूँ एक टूटा हुआ स्वप्न हूँ शायद

रात के आख़िरी पहर मुझमें जाग जाता है

वह पुराना प्रेमी जिसने जीने नहीं दिया मुझे

मैं अपने भीतर देखता हूँ अपने उस रूप को

जो एक दिन टूटे मन से निर्वासित हो गया था

कोई मुझे कह दे आईना

तो मैं क्या ही कह सकूँगा

प्रतिवाद में।

अनुराग अनंत
About the poet

अनुराग अनंत

नई पीढ़ी के कवि। पत्रकारिता से भी जुड़ाव। मूल नाम : अनुराग अनंत जन्म : 09/07/1989 | इलाहाबाद, उत्तर प्रदेश

View profile & all 36 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like