राष्ट्रीय सूतक - अनुपम सिंह

अनुपम सिंहअनुपम सिंह1 Sept 1986

12 min read · 12.4K reads

एक पूरा गाँव क़त्ल किया गया है 
एक पूरा देश ही सूतक में है 
लाशें बिखेर दी गई हैं 
सड़क के दाईं ओर 
कौन रोए किसके लिए 
जब कोई बचा ही नहीं है

ससुराल से लौटी हैं बेटियाँ 
सिर मुड़ा तर्पण दे रही हैं 
पिताओं को 
रसदार पेड़ों में घण्ट बन्धे हैं 
मातम में डूबी हाण्डियों में 
झलझलाती हैं पिताओं की डबडबाई आँखें 
चिल्लाकर घण्ट फोड़ देना चाहती हैं बेटियाँ 

मातम में डूबा हैं पूरा बाग़ 
मरी हुई माँएँ अपने दुधमुँहे बच्चे 
छाती से चिपटाए 
रोती हैं पेड़ों की ओट से 
तालाबों में उलटी उतराई हैं चारपाइयाँ
अपने पिताओं और भाइयों के
दाग लिए हैं बेटियाँ 

उनके चेहरे से मिट गए हैं भाव सारे
खपरैलों पर रोती बिल्लियाँ 
मुँह में दबाए अपने बच्चों को 
किसी और दिशा को जा रही हैं 
खलिहानों में कुत्ते और
खेतों में स्यारिनों का मातम है

फिर भी टूटता नहीं इस रात का सन्नाटा 
कानों में बजता है सांय-सांय
सुबह-सुबह घाटों पर बिखलती 
सिसकती, डरी हुई हैं बेटियाँ 
सूख रहे खूनों पर क़त्ली-बूटों की छाप 
दूर तक दिखाई देती है

बन्द कमरे में अकुलाहट है 
और बाहर डर से फूलती है सांस 
किस तरफ देखूँ
कम हो आँखों की जलन 
किस तरफ देखूँ कि 
आँखों का होना ज़रूरी लगे

उठ रहा है आग का बवण्डर 
इस छोर से उस छोर तक
फैल रही है आग 
पानी में उठ रही हैं तेज़ भँवरें 
एक भरी-पूरी नाव 
धीरे-धीरे डूब रही है 

जबकि मैंने धारण किया है गर्भ 
मेरी छातियों में दूध उतरा है 
मृत्यु की खुरदुरी जीभ चाटती है
दूध भरी छातियाँ मेरी
और फ़सलें चाट गया है
आसमान से उतरा टिड्डी-दल 

किस गोद में छुपाऊँ अपने बच्चों को 
कि चीख़ें न पहुँचे इनके 
मुलायम कानों तक 
बिस्तर पर किस ओर सुलाऊँ
सिरहाने से पैताने तक 
हर ओर जाल-सी बिछी हैं
उनकी घाती इच्छाएँ
उनके आँखो के गड्ढों में खून भरा है

बहने जो उम्र में बेटियों-सी थीं 
बेटियाँ जो बिन माओं की थीं 
जिनकी साइकिलों-सी रफ़्तार थी 
जो हवाओं के मुकाबिले तेज़ थीं 
गड़ती हैं उन क़त्ली आँखों में
रेत-सी 
उनकी पीठ के नीचे बिछाए गए हैं
नँगे तार बिजली के 
वे डूब रही हैं खून भरे गड्ढ़ों में

हर ओर चल रहा है सरकारी विज्ञापन 
’वियाग्रा’ की गोलियों पर
कुछ औरतें ललचाई हुई हैं 
कर रही हैं ज़ख़्मी एक-दूसरे की पीठ को 
वियाग्रा के नशे में पूरा गाँव डूबा है
यह पूरा देश ही अनचाहे की पैदाइश है ! 

किस तरफ देखूँ कि थम जाए उबकाई 
थोड़ी शर्म बची रहे 
किस तरफ देखूँ बची रहे चाह जीने की
किस तरफ देखूँ !!
अनुपम सिंह
About the poet

अनुपम सिंह

View profile & all 46 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like

उसने मिट्टी को छुआ भर था - प्रताप सोमवंशीपसोपेश में हूँकि कविता चिह्नों में होती है— प्रताप सोमवंशीदर्द औरों का हम - प्रताप सोमवंशीपसोपेश में हूँकि कविता चिह्नों में होती है— प्रताप सोमवंशीमुनव्वर राना के शेरअब जुदाई के सफ़र को मिरे आसान करोतुम मुझे ख़्वाब में आ कर न परेशान करो— मुनव्वर रानाये सर-बुलंद होते ही शाने से कट गयाये सर-बुलंद होते ही शाने से कट गयामैं मोहतरम हुआ तो ज़माने से कट गया— मुनव्वर रानाकुछ नहीं चाहने वाली लड़कीसोलह की यह लड़की दो-तीन साल पहले तकपेड़-पौधों पर रखती थी पाँव— ऐश्वर्य राजप्रतिज्ञाप्रतिज्ञाएँ बहा दो पानी में लड़कीप्रतिज्ञाएँ बहाओ पानी में;— बीरेंद्र चट्टोपाध्याय