हम औरतें हैं मुखौटे नहीं

अनुपम सिंहअनुपम सिंह1 Sept 1986

1 min read · 12.4K reads

वह अपनी भट्ठियों में मुखौटे तैयार करता है

उन पर लेबुल लगाकर सूखने के लिए

लग्गियों के सहारे टाँग देता है

सूखने के बाद उनको

अनेक रासायनिक क्रियाओं से गुज़ारता है

कभी सबसे तेज़ तापमान पर रखता है

तो कभी सबसे कम

ऐसा लगातार करने से

अप्रत्याशित चमक आ जाती है उनमें

विस्फोटक हथियारों से लैस उनके सिपाही

घर-घर घूम रहे हैं

कभी दृश्य तो कभी अदृश्य

घरों से घसीटते हुए

उनको अपनी प्रयोगशालाओं की ओर ले जा रहे हैं

वे चीख़ रही हैं...

पेट के बल चिल्ला रही हैं

फिर भी वे ले जाई जा रही हैं

उनके चेहरों की नाप लेते ख़ुश हैं वे

कह रहे हैं आपस में

कि अच्छा हुआ दिमाग़ नहीं बढ़ा इनका

चेहरे लंबे-गोल, छोटे-बड़े हैं

लेकिन वे चाहते हैं

सभी चेहरे एक जैसे हों

एक साथ मुस्कुराएँ

और सिर्फ़ मुस्कुराएँ

तो उन्होंने अपनी धारदार आरी से

उनके चेहरों को सुडौल

एक आकार का बनाया

अब वे मुखौटों को चेहरों पर ठोंक रहे हैं...

वे चिल्ला रही हैं

हम औरतें हैं!

सिर्फ़ मुखौटे नहीं!

वे ठोंके ही जा रहे हैं

ठक-ठक लगातार...

अब वे सुडौल चेहरों वाली औरतें

उनकी भट्ठियों से निकली

प्रयोगशालाओं में शोधित

आकृतियाँ हैं।

अनुपम सिंह
About the poet

अनुपम सिंह

View profile & all 46 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like