चिट्ठियाँ

अनुपम सिंहअनुपम सिंह1 Sept 1986

1 min read · 12.4K reads

अम्मा के लिए तुम्हारी चिट्ठी

रातों की नींद और

आधा पेट खाए का सुकून थी

मेरे लिए अटक-अटक कर पढ़ा गया शब्द

और भाषा सीखने का पहला उत्साह

जो हर बच्चे को होता है

पिता पूछ भर लेते

किसकी चिट्ठी है

और तुम्हारे ठीक-ठीक होने की कल्पना

कर लेते मन ही मन

चिट्ठी में सवाल शुभेच्छा

एक अनकहा शिकायती लहज़ा था

कि पिता की तबीयत कैसे रहती है

छोटी का पढ़ने में मन तो लगता है न

बड़की सखी आई थीं कि नहीं

बेचारी! बेटे के इंतज़ार में सात-सात बेटियाँ

झेलगाँ हो गई उसकी देह

अरे हाँ अम्मा!

मैं भी पूर्ण हुई

तुम्हें बेटी के बाँझपन का ताना

नहीं मिलेगा अब

लिखना कम समझना ज़्यादा

तुम्हारी बेटी...

अम्मा की आँखें चमकी थीं

पिता हर बार की तरह शांत

दोनों के चेहरे का भाव देख

मैं और अटक गई थी शब्दों में

मेरी पकड़ से दूर छिटक गया था अर्थ

मुझे पता होता

यह चिट्ठी जहाँ ख़त्म होती है

वहीं से शुरू होता है तुम्हारा जीवन

समझना ज़्यादा एक वाक्य भर नहीं

तुम्हारी पूरी कहानी है

पता होता कि इन शब्दों में क़ैद हैं तुम्हारी चीख़ें

तुम्हारे ही शोक का उत्सव मनाएँगे हम सब

कि यह सृष्टि जो अनवरत चल रही है

तुम खींच रही हो उसे

ग़ुलामों-सी मूकता लिए

कि आशीर्वादों में शाप दिया था

हमारे पुरखों ने तुम्हें

मैं साफ़-साफ़ पढ़ती उन चिट्ठियों को

सबको बताती कि—

मेरे लिए प्यार नहीं

ख़ुद के लिए याचना थी

हाँ बताती सबको—

कि लड़कियों की चिट्ठियाँ

चिट्ठियाँ नहीं

ठोस शिल्प में लिखा

घुटते जीवन का

शोकगीत होती हैं...

अनुपम सिंह
About the poet

अनुपम सिंह

View profile & all 46 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like