तर्पण

अनूप सेठीअनूप सेठी10 Sept 1958

1 min read · 12.4K reads

भृकुटियाँ तनी रहीं सोच की प्रत्यंचा पर

सालों-साल फ़सल कटे खेतों के खूँटों पर चलना होता था

जब झुके कंधे तुम्हारे

खिलने लगीं करुण मुस्कान की कोमल कलियाँ

पराभव की प्रज्ञा में झुकी जातीं शस्य वनस्पतियाँ

ओ पिता!

अभी उस दिन बटन बंद कॉलर में शर्मा जी

अपने में मगन बैठे आकर सामने सिर झुकाए लगा बुदबुदाएँगे अभी गायत्री मंत्र ओंठ तुम्हारे

ओ पिता!

एक समय तुमने कंधे पर उठाया एक समय मैंने कंधे पर लटकाया

बीच के तमाम साल क्यों गूँजती रही

केवल प्रत्यंचा की टंकार

कितना ज़्यादा ख़ुद को माना

कितना कम तुमको जाना

ओ पिता!

अनूप सेठी
About the poet

अनूप सेठी

View profile & all 51 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like