एक अंतरिक्ष है
सब उसमें हैं
बना लें अगर हम भी अपना एक अंतरिक्ष
सब हममें हो जाएँ
शुरू हों समय से पहले
फैल जाएँ समय के परे
नीली स्फटिक पृथ्वी हों हम
अग्निपिंड सूर्य हो एक
झूम-झूम घूमें अनवरत
टिके रहें शून्य में भी
एक चाँद हो रातों में उजास भरने वाला
बलैया लेकर घूमे कलाएँ दरसाता
किंवदंतियों-सा दिखा करे छिपा करे
तयशुदा दूरी हो पर हमारा हो
इस भरोसे नींद आए
अंतरिक्ष होगा पूरा
अनगिनत जब तारे गढ़ेंगे हम
दिपदिप अंधकार में ढूँढ़ा करेंगे
कौन है जो झिलमिलाता है
कुछ कहता है बुलाता है
किसी के शायद सितारे हो जाएँ हम भी
अनगिनत लोगों के साथ
रहते हैं हम बिसर जाते हैं
जब बनाएँगे अंतरिक्ष
कोई बिसरेगा न बिछड़ेगा
अनंत की छाती पर टँकेगा
टिमटिमाएगा
इतने पास होगा हमारे
हम इतने प्यारे हो जाएँगे
कोई सितारा जगाएगा
कोई सुलाएगा
ब्रह्मांड में रहेंगे हम अनंत!








