अशांत भी नहीं है कस्बा-1 - अनूप सेठी

अनूप सेठीअनूप सेठी10 Sept 1958

4 min read · 12.4K reads

आएगी सीढ़ियों से धूप
बंद द्वार देख के लौट जाएगी
खिड़की में हवा हिलेगी
सिहरेगा नहीं रोम कोई
पर्दों को छेड़कर उड़ जाएगी
पहाड़ी मोड़ों को चढ़कर रुकेंगी बसें
टकटकी लगा के देखेगी नहीं कोई आंख

हर जाड़े में शिखर लेटेंगे
बर्फ की चादरें ओढ़कर
पेड़ गाढ़े हरे पत्तों को लपेटकर
बैठे रहेंगे घास पर गुमसुम
चट्टानों पर पानी तानकर
ढोल मंजीरे बजाती
गुजर जाएगी बरसाती नदी

ढलान पर टिमटिमाता
पहाड़ी कस्बा सोएगा रोज़ रात
सैलानी दो-चार दिन रुकेंगे
अलसाए बाज़ार में टहलती रहेगी ज़िंदगी
सफेद फाहों में चाहे धसक जाए चांद
चांदनी टी.वी. एंटीनों पर बिसूरती रहेगी
मकानों के बीच नए मकानों को जगह देकर
सिहरती हुई सिमट जाएगी हवा चुपचाप
किसी को ख़बर भी नहीं होगी
बंद देख के द्वार
लौट जाती है धूप सीढ़ियों से
अनूप सेठी
About the poet

अनूप सेठी

View profile & all 51 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like