मेरे यायावर प्रेमी
आजकल हर वक़्त अंतःकरण
कृतज्ञता से भरा रहता है
जल, पृथ्वी, नक्षत्रों, मेघों से
और सबसे ज़्यादा तुमसे
इन दिनों तुम्हारी यात्राओं की तस्वीरों में
तुम्हारा हँसता हुआ चेहरा देखना कितना सुखद है
ख़ुश हूँ कि तुम पैरों पर नहीं परों पर चलते हो
एक रिक्त मन को संतुष्ट करने के लिए
इतना ही बहुत है कि
इस पृथ्वी के एक हिस्से में तुम भी हो
और तुम्हारा होना भर ही
ज़िंदगी की बदइंतज़ामी को व्यवस्थित कर देता है
प्रेम की प्रथाएँ जानने वाले मन जानते हैं कि
प्रेमपात्र का चयन हम कर सकते हैं
लेकिन ‘प्रेमी’ का चयन केवल ब्रह्मांड करता है
मेरे भीतर कभी-कभी तुम्हारे नाम के अनुरूप
एक उज्ज्वल और भव्य प्रतिबिंब उतरने लगता है तो
मैं आँखें मूँद बैठ जाती हूँ
'ख़ुद की तलाश में'
लेकिन आँखें बंद करके भी मुझे
सिर्फ़ तुम मिलते हो
जीवन और जीवित रह सकने के मध्य की जगह पर
देवमुद्रा में खड़े हुए








