यात्रा

अनुजीत इक़बालअनुजीत इक़बाल

1 min read · 12.4K reads

स्मरण नहीं लेकिन

असंख्य कल्पों की बात ठहरी यह

स्मृतिपटल पर तुम्हारे हाथों से

भिक्षापात्र लेकर शुरू की गई

एक दीर्घकालिक यात्रा याद आती है

भिक्षाटन करती रही युगों-युगांतरों तक

संसार डालता रहा पात्र में

प्रणय, घृणा, वीभत्सता, शोक,

तुच्छता, दया, स्नेह का अन्न

किंतु जब मुड़कर तुमको देखती

तुम्हारा सौम्य दृष्टि-निक्षेप

मुझे वीतरागी कर देता

पुनः तुम तक आने की अभीप्सा में

बैठी रही अडिग प्रतीक्षारत मैं

पलक बंद होने तक का व्यवधान

न आने दिया इंतज़ार में

थककर जब कभी नींद आती

तो स्वप्न में दिखता एक प्रपात

जो ऊर्ध्वगामी हो उल्टा बहता

अपने मूल की ओर

एकाकी, निर्बंध

सायंधृति के बाद कहीं दूर क्षितिज से

धीमे-धीमे आती पखावज की ध्वनि

सरस सारंगी की धुन

और नर्तन करने लगते आँखों के सामने

तुम संग भोगे अतीत के क्षण

देह के अपने धर्म

लेकिन, हृदय की साधना

'अरण्य नीरवता' में लीन है

अनुजीत इक़बाल
About the poet

अनुजीत इक़बाल

सुपरिचित कवयित्री। अँग्रेज़ी में चार पुस्तकें प्रकाशित। मूल नाम : अनुजीत इक़बाल

View profile & all 20 Poems / Stories