जोगन की यात्रा

अनुजीत इक़बालअनुजीत इक़बाल

1 min read · 12.4K reads

जागरण करती है वह जोगन

गहन निद्रा में भी

निद्रागस्त होना भी चाहे तो

चेतना सोने नहीं देती

हरीतिमा त्यक्त कर

लतामंडल का परित्याग कर

गमन करती है वह

धवलगिरि की ओर

देह के गिर्द है काला तमस

मानो, प्राणवायु प्रतिक्षण

आग्नेय मंत्रों का उच्चारण करती हो

आख़िर, बंधन में जकड़ी है जोगन

काया की मिथ्या रचना के

अटल मृत्यु की अभ्यर्थना

उसको प्रमुदित करती है

बैठी है वह चेतना के प्रकाश में

लेकिन, विचार बाधाएँ हैं

जो प्रकाश को

अमूर्त, निभृत, निर्विचार की ज़मीन तक

पहुँचने नहीं देते

लेकिन, जोगन निराश नहीं है

जानती है वह कि

प्रकृति निर्वात रखना नहीं जानती

और पात्रता आते ही

वह उसको पूर्ण कर देगी

अनुजीत इक़बाल
About the poet

अनुजीत इक़बाल

सुपरिचित कवयित्री। अँग्रेज़ी में चार पुस्तकें प्रकाशित। मूल नाम : अनुजीत इक़बाल

View profile & all 20 Poems / Stories