तुम्हारे जन्मदिन के लिए - अनुज लुगुन

अनुज लुगुनअनुज लुगुन10 Sept 1986

8 min read · 12.3K reads

मुझे लगता है
यह धरती आज और हरी हुई है
तुम्हारे स्वेटर की तरह थोड़ा और गरम भी
बर्फीले तूफान के थमने का यह संकेत है
एक चिड़ी के जन्म होने से
हर बार जीवित होता है
एक सपना और एक उम्मीद
अँधेरे सिरे से अँधेरे सिरे तक फैली
सदी में रोशनी के लिए
कि रेलगाड़ियों के भरे खाली डब्बे
इस बार भरे होंगे
दंगे की शांति के बाद
प्रिय पड़ोसियों से
फिर से त्योहारों में बँटेंगे मिठाइयाँ
या, कि केवल अब प्रेम ही प्रेम होगा
कि पहाड़ी तलहटी से दूर
वहाँ रेत के टीलों पर
टिमटिमा रही होगी कोई लालटेन
पन-बिजलियों के झरनों के न होने के बावजूद
रात पसर रही होगी
किसी की बाँसुरी की धुनों पर

कि बहुत सुबह उठकर देखूँगा
ओस की बूँदों को
भोर से पहले के आसमान को
धौंरी खेदते हुए अपने बैलों के साथ
कि अनाज के दानों से
मेरी देह में मधुर कंपन होगा
और सचमुच मदहोश हो जाऊँगा

आज सारंडा जंगल मुझे देखता है
कोयल और कारो मुझसे बतियाती हैं
छोटी चिड़ी की आत्मीयता कुछ और ही है
पिछली रात के टूटे रिश्ते भी
कुछ संकोच करते हुए नजरें मिलाते हैं
सब आश्वस्त होना चाहते हैं
कि ब्रहमांड के नए ग्रह से
जीवन संभव और बेहतर होगा

ओ, मेरी बाईस साला प्रिय !
तुम उम्र के सौवें साल में भी
आज के दिन एक नवजात शिशु ही होगी
आज एक बार फिर
सपने और उम्मीद जवाँ होंगे
आओ! तुम्हारे लिए फूलों का पालना है
आओ, मेरी बाँहों में आओ
आओ, मेरे होंठों में आओ
आओ, अपने लाल मखमली ऊनी स्वेटर के साथ
आओ ! कि कई शहादतें, कई सदियाँ बीत गई हैं
बर्फीले तूफान से जूझते हुए।
अनुज लुगुन
About the poet

अनुज लुगुन

View profile & all 93 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like