मेरी माँ, मैं और भेड़िए - अनुज लुगुन

अनुज लुगुनअनुज लुगुन10 Sept 1986

8 min read · 12.4K reads

उसके दरवाजे हमेशा जंगल की ओर खुलते रहे
और वह बीहड़ों में चलती रही
भेड़ियों की पदचाप
सबसे पहले वही सुनती है आज भी
इसी तरह कई दशकों से वह हमें सहेज रही है

नक्सलबाड़ी के ठीक समय उसका जन्म हुआ होगा
उसकी माँ एक दिन दूसरी शादी करके चली गई
वह एक पके फल की तरह धरती पर नहीं गिरी
लेकिन वह गिरते हुए लोगों को देख रही थी
कुछ लालच में गिर रहे थे और कुछ गोली खाकर
उसने यह फर्क जान लिया था
और वह जंगलों में रायफ़ल चलाना सीख आई

कविता में यह बेतुकी बात हो सकती है कि
एक माँ रायफ़ल चलाती है
लेकिन आलोचकों को यह बात स्वीकार करनी चाहिए
और उसके प्रतिमानों पर बहस करनी चाहिए
कि जब जंगल में भेड़ियों से घिरे हों उनके बच्चे
तो उनकी माँ को क्या करना चाहिए

और माँ ने वही किया जो एक माँ को करना चाहिए
वह भूमिगत हुई, वारण्ट निकले
लेकिन उसने समर्पण नहीं किया
बच्चों के लिए इससे ज़्यादा और वह क्या कर सकती थी

वह हँड़िया बेचती थी और पीट आई वसूली करनेवाले दरोगा को
वह मुर्गी बेचती थी और आँख तरेर आई दबंगों को
उसके पास कुछ भी नहीं बचता था हाट से घर लौटते हुए
रोज़-रोज़ वह ऐसे ही क़िस्से सुनाती थी हम सबको
वह कुछ और दे भी नहीं सकती थी हमें इन किस्सों के सिवाय
पिज्जा, बर्गर, वीडियो गेम, टीवी - फीवी कौन जाने
वह तो गुरिल्ला थी और क्या दे सकता है एक गुरिल्ला अपनी जान के सिवाय

उसके दरवाजे आज भी जंगलों की तरफ़ खुलते हैं
और वह बीहड़ों में चलती है
माँ ऐसी ही होती हैं
वह न ख़ुद बिकती है
न अपने बच्चों को बिकने देती है
न ही खेत, खलिहान और जंगलों को बिकने देती है।

(13/05/18)
अनुज लुगुन
About the poet

अनुज लुगुन

View profile & all 93 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like