महुवाई गंध - अनुज लुगुन

अनुज लुगुनअनुज लुगुन10 Sept 1986

4 min read · 12.4K reads

कामगारों एवं मज़दूरों की ओर से उनकी पत्नियों के नाम भेजा गया प्रेम-संदेश

ओ मेरी सुरमई पत्नी !
तुम्हारे बालों से झरते हैं महुए ।

तुम्हारे बालों की महुवाई गंध
मुझे ले आती है
अपने गाँव में, और
शहर की धूल-गर्दों के बीच
मेरे बदन से पसीने का टपटपाना
तुम्हे ले जाता है
महुए के छाँव में
ओ मेरी सुरमई पत्नी !

तुम्हारी सखियाँ तुमसे झगड़ती हैं कि
महुवाई गंध महुए में है ।

मुझे तुम्हारे बालों में
आती है महुवाई गंध
और तुम्हें
मेरे पसीनों में
ओ मेरी महुवाई पत्नी !

सखियों का बुरा न मानना
वे सब जानती हैं कि
महुवाई गंध हमारे प्रेम में है ।
अनुज लुगुन
About the poet

अनुज लुगुन

View profile & all 93 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like