चाँद चौरा का मोची

अनुज लुगुनअनुज लुगुन10 Sept 1986

1 min read · 12.4K reads

चाँद चौरा का मोची

चाँद की टहनी पर अटका है

वह कभी भी गिर सकता है अनंत अमावस्या की रात में

कितनी अजीब बात है कि चाँदनी रात के लिए भी

उसके पास वही औज़ार होते हैं

जिससे वह दिन में लोगों के जूते चमकाता है

सचमुच वह सनकी कलाकार है वह कला की बातें नहीं जानता

वह चमड़े से घिरा रहता है और भूख के पैबंदों को सीता है

मैं जब भी चाँद चौरा की तरफ़ निकलता हूँ

मेरे सामने महाबोधि होता है और पीठ पीछे विष्णुपद मंदिर

इन्हीं के बीच में वह मुझे हमेशा मिलता है मुझसे मेरे जूते माँगते हुए

उसकी आँखें कमज़ोर हो गई हैं, हाथ काँपते हैं

फिर भी वह अपने हुनर की ज़िद पकड़ कर रखता है

कभी-कभी वह अपनी जाति की बात ईमान से कह जाता है

कहता है चाँद-चकोर की बातें हमसे न कहना बाबू

बहुत बदरंग हैं ये, कितने क़िस्से सुनोगे इनके

क्या तुम नहीं जानते शम्बूक के सर के ऊपर आसमान के चाँद को

क्या तुम बेलछी, लक्ष्मणपुर-बाथे नहीं जानते

बहुत भोले मत बनना बाबू

हमको चाँद चौरा में चाँदनी नहीं जूते मिलते हैं

सचमुच सनकी मोची है वह कला नहीं जानता

बात-बात में उसने मेरी जात जान ली है

तिरछे मुस्का कर कहता है तुम तो मेरी बिरादरी के निकले

तुम चाँद की ख़ाल निकालते हो कविता से

और मैं भी एक दिन चाँद के चमड़े का जूता बनाऊँगा।

अनुज लुगुन
About the poet

अनुज लुगुन

View profile & all 93 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like