प्रेम की थापें

अनुभवअनुभव

1 min read · 12.4K reads

तुमने मेरे मन पर

प्रेम की कई थापें लगाईं

दो थापें मैं बचाता गया

एक प्रथम चुंबन की थाप

दूसरी गीले आलिंगन की थाप

तुम्हारे जाने के बाद

उन थापों के ऊपर

अनगिनत थापें लगीं

हर पुरानी थाप नई थाप के पीछे छिप गई

किंतु मेरे मन में

तुम्हारी थापों का आकार जस का तस रहा

इन थापों ने कई वसंत देखे

हर वसंत के साथ इनका रंग और गाढ़ा होता गया

कई थापें पतझड़ों में झड़ गईं

कितनों को बारिश ने धो डाला

किंतु तुम्हारी थापें और उभरती गईं

कई हाथों ने इन थापों को पोंछना चाहा

मैंने उन हाथों को हर बार रोका

हर बार मन पर लगीं

तुम्हारी थापों को बचाया

इन्हें बचाते हुए मैंने जाना

मैं तुम्हारी थापें नहीं

अपना मन बचा रहा था

अनुभव
About the poet

अनुभव

नई पीढ़ी के कवि-लेखक और कलाकार।

View profile & all 27 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like