अनगिन

अंकिता शाम्भवीअंकिता शाम्भवी

1 min read · 12.4K reads

एक दरवाज़े में

होते हैं अनगिन दरवाज़े

एक दरवाज़ा

जिसकी दहलीज़

घर की स्त्री कभी नहीं लाँघती

एक दरवाज़ा

जिससे होकर पिता

रोज़ सुबह सैर को जाते हैं

और शाम को सब्ज़ियाँ लेकर लौटते हैं

एक कमरे के भीतर होते हैं

अनगिन कमरे

एक कमरा

जिसके फ़र्श पर लेटकर

माह के उन दिनों में

बिटिया अपना

पेट पकड़े

सुबकती है

एक कमरा

जिसमें बंद होकर

घर का बड़ा बेटा

घंटों तक वीडियो-गेम्स खेलता है

एक कमरा

जिसमें माँ

सिर्फ़ रात को सोने जाती है

और पिता मन होने पर

टी.वी. देख लिया करते हैं

एक छत पर भी होती हैं

अनगिन छतें

एक छत जहाँ

रोज़ धूप उगने पर माँ

गेहूँ पसारती है

अचार-पापड़ सुखाती है

एक छत जिस पर

बेटा रात को फ़ोन पर

अपनी प्रेमिका से

बतियाता हुआ

भोर कर देता है

एक छत जहाँ

शाम ढलते ही

बिटिया के जाने पर

सख़्त मनाही है।

अंकिता शाम्भवी
About the poet

अंकिता शाम्भवी

नई पीढ़ी की कवयित्री। संगीत में रुचि। मूल नाम : अंकिता शाम्भवी जन्म : दुर्गापुर, पश्चिम बंगाल

View profile & all 8 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like