अमरीका में ब्याहने की कीमत अदा करने - अंजना संधीर

Anjana Sandhirअंजना संधीर1 Sept 1960

9 min read · 12.4K reads

रसीले दागी आम को भी
टोकरी से बाहर निकाल देते हैं
लेकिन दागी आदमी जिसके पीछे लगा हो अमरीका
सारे दाग मिटा देता है
बूढ़ों को मिल जाती हैं कमसिन कुंवारी कलियां
मसलने को,
खुद को चरित्रवान खानदानी और
महान संस्कृति के वारिस
कहलाने वाले
बच्चों वाली तलाकशुदा,
बड़ी या कम उम्र की
औरतों से ब्याह करते हैं
दे देते हैं उन्हें बच्चे
उनके मन और तन से खेलते हैं
उनके घरों में गुलाम बनकर रहते
जब उन औरतों को इन गुलामों की आदत पड़ जाती है
तब गुलामों को देश में
रहने का परमिट ‘ग्रीनकार्ड’ दिखनेवाली औरतें
इनके यहां रहने के रास्ते खोलती औरतें
इन मरदों को लगने लगती हैं बुरी
फिर ये उन्हें पीटते हैं ले लेते हैं तलाक
उसके बाद, अपने मुल्क की कुंआरी कमसिन लड़कियों को
मिट्टी के बर्तन की तरह ठोक बजाकर देखते हैं
रोज़ किसी घर में मिठाई खाते हैं, लड़की से बातें करते हैं
पर नहीं आती पसन्द उन्हें कोई लड़की
छुट्टी का बहाना बनाक वापस आ जाते हैं
फिर ऐश यहां आकर
वे जानते हैं शादी अपने वतन में ही करनी है
क्योंकि अमरीका बुलाने की कीमत,
उन्हीं से वसूल हो सकती है
वही चुपचाप घर-बाहरकर करेगी काम
किसी से कुछ न कहेगी
उसे ही वापस जाने का डर होगा
समाज की शर्म होगी
यहां की लड़की
बिस्तर से लेकर बच्चों की जिम्मेदारी तक में
बराबर का हक मांगती है
उसे मालूम है यहां के कानून
मुल्क की गाय तो सिर हिलाने में भी
काफी वक़्त लगायेगी...

बंद करो इन दाग़दार लोगों को अपनी कमसिन
लड़कियां देना
चौबीसों घंटे जो यहां पिसती हैं
समय से पहले बूढ़ी हो जाती हैं
तुम्हारे घर भी आती हैं
सौगातें लाती हैं
लेकिन खुद खाली-खाली रहती हैं
कुछ दिन हंसती हैं,
बोलती हैं
और वापस चली आती हैं
अमरीका में ब्याहने की कीमत अदा करने!
Anjana Sandhir
About the poet

Anjana Sandhir अंजना संधीर

जन्म :1 सितंबर 1960, रुड़की (उत्‍तराखंड) भाषा : हिंदी विधाएँ : कविता कविता संग्रह : तुम मेरे पापा जैसे नहीं हो, धूप छाँव और आँगन, बारिशों का मौसम सम्मान : गुजरात उर्दू साहित्य अकादमी पुरस्कार, गुजरात हिन्दी साहित्य अकादमी पुरस्कार, तुलसी सम्मान, अदिति साहित्य…

View profile & all 23 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like