टूटता मकान

अनीता वर्माअनीता वर्मा25 Sept 1959

1 min read · 12.4K reads

घर के सामने जो मकान टूटता है

उसका दुख मुझ तक नहीं आता

लगातार शोर से बहरे हैं मेरे कान

किसी के अफ़सोस ज़ाहिर करने पर

मैं हिला देती हूँ सर

नहीं जानती किन लोगों ने इसे छोड़ा

जो घटित हुआ वह ठीक-ठीक क्या था

टूट कर अपने पर ही गिरता हुआ अतीत

या किसी विवशता का भयावह भविष्य

मज़दूर परेशान थे

कहते आसान नहीं है इसे तोड़ना

बड़ी मज़बूती है और ईंटे भी कुछ कम नहीं

कइयों को तो साबुत बचा लाए हम

वे आराम करते थे और तोड़ते थे

बिना छत सिर्फ़ दरवाज़ों में खड़ा था मकान

दिखती थीं भीतर कुछ साइकिलें ख़ाने के डिब्बे

एक खड़ा पाया तिरछा अभी-अभी टूटा था

झुके छज्जे पर रोड़ों का अंबार अटका था

सूराख़ों से धीरे-धीरे गिरती थी धूल

घर की विपदाएँ खुली हुई थीं

हवा और धूप को परेशानी नहीं थी

अँधेरे को भी हो गई थी आसानी

भिखारी भी अब उधर नहीं देखते थे

कभी कोई बकरी फाटक पर रुक लेती

उसे शायद याद थी पुरानी हरियाली

मुझे याद आए वे हाथ जो सूरज को जला देते थे

बारिश में उठाते थे कपड़े

सुबह जो अख़बार बरामदे में पड़ा होता था

उसे उठाकर कोई भीतर पुकारता चला जाता था

घर की गृहिणी जब मछली ख़रीदती

एक कौआ रहता था ताक में

रात गए एक ट्रक आता था

उठा ले जाता था ईंटें

अनीता वर्मा
About the poet

अनीता वर्मा

View profile & all 44 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like

ये दरवेशों की बस्ती है यहाँ ऐसा नहीं होगाये दरवेशों की बस्ती है यहाँ ऐसा नहीं होगालिबास-ए-ज़िंदगी फट जाएगा मैला नहीं होगा— मुनव्वर रानाचले मक़्तल की जानिब और छाती खोल दी हम नेचले मक़्तल की जानिब और छाती खोल दी हम नेबढ़ाने पर पतंग आए तो चर्ख़ी खोल दी हम ने— मुनव्वर रानाकुछ नहीं चाहने वाली लड़कीसोलह की यह लड़की दो-तीन साल पहले तकपेड़-पौधों पर रखती थी पाँव— ऐश्वर्य राजआंबेडकर“तुम्हारे दीन मुखों को देखकरकरुणा भरे स्वरों को सुनकर— बी. गोपाल रेड्डीमेरा और मेरी पृथ्वी का(लंबी कविता के कुछ अंश)वैसा ही हूँ, दुख मेरी गोद का बच्चा, बार-बार— हीरेन भट्टाचार्यतालाब-1मैं क्षिति तल परतुम्हारे सुख-दुख का— ब्रजरतन जोशी