दर्द

अनीता वर्माअनीता वर्मा25 Sept 1959

1 min read · 12.4K reads

मैं उसे दफ़न करती हूँ समुद्र की गहराइयों में

मूँगे की चट्टानों और मछलियों के बीच

सूरज की गहन भट्ठी में फेंक देती हूँ

जल कर ख़ाक हो जाने के लिए

लेकिन पता नहीं किन गहराइयों और आसमानों से निकलकर

वह हमेशा सिरहाने आ बैठता है

पहले प्यार की तरह मेरी देह सहलाता हुआ

करवटों में छिपता और प्रकट होता है

मुझसे खेलता कोई लुकाछिपी का खेल

समय की हथकड़ियाँ उसे बाँध नहीं पातीं

वह आ बैठता है नाश्ते की मेज़ पर

माँगता हुआ अपना हक़

हमेशा याद दिलाता है दुनिया में सबसे बड़ा है उसका वजूद

उसकी गोद से निकलकर हँसते हैं बच्चे

स्त्रियाँ अपने घर सँभालती हैं

पकी हुई फ़सल और अनाथ बच्चों पर वह साए की तरह डोलता है

अस्पतालों में बिछी है उसकी बिसात

वह ग़रीब की फटी आस्तीन में सिर छिपाता है

पूरी दुनिया उसके भीतर है

और वह मेरे भीतर

अनीता वर्मा
About the poet

अनीता वर्मा

View profile & all 44 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like