बहुमंज़िला इमारत में बत्तीस घर
बत्तीस बैठकें उतनी ही रसोइयाँ
एक जैसी क़ालीनें सोफ़े टी.वी. और फ़्रिज
लहराते हुए पर्दों के साथ-साथ दो-चार तस्वीरें
बालकनी में थोड़ी-सी हरियाली पाँच-सात फूल
शीशे की अलमारी में सजे हुए गिलास और प्लेटें
थोड़ी किताबें जिन्हें कोई पढ़ता नहीं
कुछ अख़बार रद्दी बनते हुए
इन सबके बीच बैठा हुआ एक जीवन
शाम को सबसे पहले दिखने वाला तारा
किसी चतुर बच्चे की तरह यहाँ अपने पाँव नहीं फैलाता
भोर के तारे की मंद मुस्कान
नहीं पहुँचती रसोईघर में
वह घास यहाँ नहीं है जिसकी ओस में नंगे पाँव चलकर
बढ़ाई जा सके आँखों की रोशनी
हवा-पानी-धूप से सुरक्षित है यह जगह
रोके रहती है ऋतुओं के प्रभाव को
श्रीमान अ श्रीमान ब और श्रीमान स
क्या आपका वैसा ही मेलजोल है जैसा
ज्यामिति के तीन कोणों का होता है
या फिर अ, ब, स को उठाकर
क, ख, ग पर रख दिया जाए
तो वे समान सिद्ध हो जाएँगे
गणित की कक्षा की तरह
वे सब एक जैसा मुस्कुराते हैं
कहते हैं कुछ संकोच से
क्या मैं छोड़ दूँ आपको घर
उस बहुमंज़िला इमारत में
जहाँ बत्तीस फ़्लैटों की उदासी है
किसी पुनर्जीवन की प्रतीक्षा में?








