मेरा कवि

अनिल कुमार सिंहअनिल कुमार सिंह25 Sept 1968

1 min read · 12.4K reads

धूप, हवा और पानी से दूर

खिड़कीविहीन दफ़्न हूँ मैं

अपनी इस कोठरी में

मकड़ियों ने जाले बुन दिए हैं

मेरी पलकों पर

समय के खुरदुरे हाथों से दूर

फिर भी नज़दीक ही कहीं

जम रहा हूँ मैं अपने माथे

कंधों और गर्दन से झाड़ता हुआ

भुरभुरी मिट्टी की परतें

बंद आँखों में उभरता है

अँधेरे का गुंबद धीरे-धीरे

हवा है अवसन्न

दीवारों से टकराकर लौटती हुई

बासी गंध

चूहों, झींगुरों और मच्छरों की

भिनभिनाहट के बीच सड़े

पसीने की तीखी दुर्गंध

यह कबीर की दुनिया

नहीं है और न ही ख़ाला का घर

यह मेरी अपनी दुनिया है जिससे

बाहर है मेरा कवि

धूप, हवा और पानी से दूर

खिड़कीविहीन दफ़्न हूँ मैं

अपनी इस कोठरी में।

अनिल कुमार सिंह
About the poet

अनिल कुमार सिंह

View profile & all 23 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like