हिक़ारत भरा समय

अनिल कुमार सिंहअनिल कुमार सिंह25 Sept 1968

1 min read · 12.4K reads

हिक़ारत भरा समय है यह

स्थितियाँ चूँकि गड्डमड्ड हैं इसलिए

निरीहता कब हथियार बन जाएगी

ठीक-ठीक समझा नहीं जा सकता

अपनी दयनीयता को ढाल की तरह

आगे करते हैं हम किसी का भी

अपमान करने के बाद

शब्दों के ही नहीं हमारे भावों के भी

अर्थ बदल गए हैं

इसीलिए यह संभव हो सका है कि

जब हम एक बेहतर दुनिया की बात

कर रहे हों तो हो सकता है कि ठीक

उसी समय यह भी सोच रहे हों कि

दुनिया हमारे क़दमों के नीचे कैसे आए

या संवेदनशीलता घड़ियाली आँसू

बहाने के मुहावरे से आगे जाकर हमें

हत्या के लिए उकसाए

या किसी की हत्या के बाद हमें अपने पर

हिक़ारत आए

हो सकता है यह आत्मघृणा किसी

आत्मसंघर्ष का प्रतिफल न हो बल्कि

हमें हत्या करने के बेहतर गुर सिखाए

हिक़ारत भरा समय है यह

और स्थितियाँ सचमुच गड्डमड्ड हैं

यहाँ तक कि कवि जब अपनी कविता में

चीख़ते हैं कि उन्हें जीवन से

प्यार है तो इसका मतलब भी वही नहीं होता

हो सकता है वे अपनी घृणा को

छुपाने के लिए ऐसा कह रहे हों

ऐसा कैसे हो सकता है कि जीवन से

प्यार किए बिना

जीवन को सचमुच प्यार किया जाए।

अनिल कुमार सिंह
About the poet

अनिल कुमार सिंह

View profile & all 23 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like