आदमी क्या चाहता है

अनिल कुमार सिंहअनिल कुमार सिंह25 Sept 1968

1 min read · 12.4K reads

एक आदमी क्या चाहता है

सिवाय इसके

कि उसे भी प्यार किया जाए

उसे प्यार किया जाए इस

आशा से वह देखता है

इस आदमज़ाद को

जोकि बस जाने को ही है

प्यार से देखना ही सिर्फ़

प्यार करना नहीं है शायद

प्यार से देखती उसकी आँखें

पीछा करती हैं उस आदमज़ाद का

उस अंधी सुरंग तक

अंधी सुरंग का अँधेरा उसकी

आँखों में उतर रहा है

उतर रहा है अँधेरा उसके जिस्मो-जाँ में

अपने ख़ून सने

पंजों को फैलाता हुआ

इसके पहले कि अँधेरा उसे

जकड़कर बाँध ले वह

चूम लेना चाहता है उसे

जिसके जाने को देखती हुई प्यार से

आशा भरी आँखें खींच लाई थीं

उसे इस तहख़ाने तक

पर यहाँ से एक दूसरी ही सुरंग

शुरू होती है जिसमें कि

वह चला गया है

आगे उसका अपना अँधेरा भी है जिसे

वह चूमना चाहता है जो उसके भी

अँधेरे से भयावह है शायद

भूख, बेबसी और अँधेरे की

अलग ही दुनिया है वहाँ जिससे

नावाक़िफ़ था वह अब तक

एक आदमज़ाद क्या चाहता था

सिवाय इसके कि उसे

प्यार किया जाए।

अनिल कुमार सिंह
About the poet

अनिल कुमार सिंह

View profile & all 23 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like