ईजा

अनिल कार्कीअनिल कार्की20 Sept 1986

1 min read · 12.4K reads

मैं जब कविता में रचूँगा

ईजा का चेहरा

नदी लिखूँगा

चिड़ियाँ लिखूँगा

पेड़ लिखूँगा

खेत और नाज की बालियाँ लिखूँगा

पहाड़ के सबसे ऊँचे भीटे पे

मेमने को दूध पिलाती

घास चरती बकरियाँ लिखूँगा

मैं जब कविता में

रचूँगा ईजा

उसे चाहा की कटक लिखूँगा

भाँग का नमक लिखूँगा

वन भँवरों का शहद लिखूँगा

मैं जब ईजा के बारे में लिखूँगा

गुपचुप की गई प्रार्थनाओं के बारे में लिखूँगा

भरभाटी, जू-घर में रखे

अशिका, उचैण

ख्रीज और चावल के दानों के बारे में लिखूँगा

धोती की गाँठ में छिपा के रखे

पैसों के बारे लिखूँगा

ईजा के बारे में लिखते हुए मैं

उदास मगर हँसने वाले चेहरे के बारे में लिखूँगा

खुरदुर कामगार हाथ

चीरे पड़े पैरों के साथ-साथ

मोमबत्ती के लेप के बारे में लिखूँगा

ईजा के बारे में लिखते हुए मैं

काज बारातों के बाद

अपने ससुराल लौटने से पहले

देली पूजती

पिलपिल आँसू ढलकाती

गुपचुप सोचने वाली

बहनों के बारे में लिखूँगा

जब लिखूँगा ईजा के बारे में

उसे सैनिक बेटे की वर्दी पर

सीना उचकाते पिता की तरह नहीं

बल्कि बेरोज़गार बेटे की

तारीफ़ में कहे दो शब्दों की तरह लिखूँगा

ईजा के बारे में लिखते हुए

अपनी बेरोज़गारी लिखूँगा

अपनी बेरोज़गारी लिखते हुए

लुटेरों की सरकार लिखूँगा

सरकार लिखते हुए

नारे लिखूँगा

और एक दिन ईजा

झल्ला के कहेगी

सरकार के घर आग लगे

बजर पड़े।

अनिल कार्की
About the poet

अनिल कार्की

View profile & all 30 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like