सूरज

अनिल जनविजयअनिल जनविजय28 Sept 1957

1 min read · 12.4K reads

सूरज

लाल सुर्ख़ सूरज

नन्हा, ख़ामोश, कुपित सूरज

दहक रहा है धीरे-धीरे

अब जिस्म पर नहीं ठहरता

रक्त में घुल रहा है

सूरज

स्थिर नहीं है

नरक के बाड़े में घूम रहा है

चक्कर काट रहा है बंदूक़ के

एक स्थिति से गुज़र रहा है सूरज

सूरज

क़िताब पढ़ रहा है

एक लंबा भूमिगत इतिहास

यातना के भयानक सब क्षणों को

मन ही मन फिर गढ़ रहा है

सूरज

चीख़ नहीं रहा है

चुप भी नहीं है वह

आक्रमणकारी मुद्रा में सीधा तना खड़ा है

अपनी पहचान कर रहा है

तमाम लोगों के भीतर बढ़ रहा है सूरज

अनिल जनविजय
About the poet

अनिल जनविजय

View profile & all 70 Poems / Stories