लड़कियाँ - अनिल गंगल

अनिल गंगलअनिल गंगल

4 min read · 12.4K reads

लोग उन्हें समझते रहे लड़कियाँ
जबकि वे थार में दमकती मरीचिका थीं
दरअसल वे फूल थीं
और फूल भी कहाँ
उन्हें फूल समझना भी ख़ुद को धोखे में रखना था
दरअसल वे पँखुरियाँ थीं बिखरी हुई
वनस्पतिशास्त्रियों के विश्लेषण का शिकार बनतीं
फिर पँखुरियाँ भी होतीं तो ग़नीमत थी
वे तो पत्तियाँ थीं हरियाती हुई
क्लोरोफिल, धूप और पानी से भोजन बनाती हुई
पत्तियों का जन्म अकारथ था
वे तो खिलखिलाते रंग होना चाहती थीं
झिलमिलाना चाहती थीं वे
उल्लासमय प्रसन्न रंगों में खिलते
एक रंग से दूसरे रंग के तिलिस्म में ग़ायब होते हुए
दरअसल सारा कुछ आँखों का धोखा था
लड़कियाँ खुद भी तो एक धोखा थीं।

१४ अक्टूबर २०००
अनिल गंगल
About the poet

अनिल गंगल

View profile & all 24 Poems / Stories