जिसके होने से खिल उठते हैं बे-मौसम फूल
जिसके होने से फल पकते हैं
धरती प्रकट कर देती है अपना ऐश्वर्य
जिसके आने से बलाएँ भाग जाती हैं दूर
जिसके होने से उतर आता है दूध
जिसके आने से थकान हो जाती है काफ़ूर
हवा हो जाती है शीतल
नींद अपनी भारी डैनों के साथ उतरती है पलकों पर आहिस्ता
जिसमें चाँदनी ठोस होकर, आ बैठती है सिरहाने
जिसमें उड़ती है ब्यालू की सुगंध
जिसके छिड़ते ही उसके संगतकार
बादल, झींगुर और मेढक आ जाते हैं अदृश्य मंच पर
पल में लौट पड़ता है समय अपने आरंभ की ओर
जो अपने सम्मोहन से सबको निश्चल खिलौने में बदल देती है
सबको ओढ़ा देती है मासूमियत की चादर
रात की आत्मा जिसे सुनती है, बैठकर पालने के निकट
दिशाएँ अपनी स्मृतियाँ विसर्जित कर हो जाती हैं, स्तब्ध
जिसकी लय में हर किसी को सुनाई देती है माँ की आवाज़
जो धरती की अनश्वर ऋचा है
जो पत्थरों को पालतू बना देती है
जो दबे झरनों को रास्ता देती है
जो काँपती है रेगिस्तान के अतल जल की झाँईं में
शाम घिरते ही जो बजती है
‘बीटिंग रिट्रीट’ की तरह
जो युद्ध-शिविरों में विचरती है
परिचारिका की तरह
धरती पर लगाकर कान
तलाश रहा हूँ उसका उद्गम
सुन रहा हूँ उसकी आवाज़
जो धरती के गर्भ से साफ़-साफ़
सुनाई दे रही है।








