प्यार

अमित तिवारीअमित तिवारी1 Apr 1994

1 min read · 12.4K reads

मेरा प्रेम बरगद के पेड़ जैसा हो सकता था—

विशाल, विस्तृत और प्रश्रयी

या कि गिलहरी की पूँछ जैसा—

चंचल, मोहक और संतुलित

वह हो सकता था वैसा,

जैसा कछुआ अपने अंडों से करता है—

गुप्त, आशंकित और एकाकी।

पर मेरे प्रेम ने चुना

इस सबसे इतर

आर्कटिक का कोई हिमखंड होना

गहरा, शांत, विस्फोट को ज़ब्त किए

और इतना नीला

जो चीख़ कर बताता हो

कि वह समय की परिकल्पना जितना पुराना है।

अमित तिवारी
About the poet

अमित तिवारी

नई पीढ़ी के कवि। व्यंग्य और अनुवाद के संसार में भी सक्रिय। मूल नाम : अमित तिवारी जन्म : 01/04/1994 | गोरखपुर, उत्तर प्रदेश

View profile & all 28 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like