प्रतीक्षा के सभी क्षण
मैंने बाज़ार में घूमते हुए
कपड़े फींचते हुए
राशिफल बाँचते हुए
या छननी खुरचने जैसे
औसत काम करते हुए बिता दिए
मैं चाहता था कि
तुमसे भेंट का समय
अचानक आए
ताकि वह सर्वश्रेष्ठ हो
प्रतीक्षा के उन्माद से अछूता
कुँवारे सुख से लदा-फदा
स्याह-सफ़ेद कल्पनाओं से मुक्त।








