बारिश आती है तो
बारिश के आने से पहले
आ जाता है भीगना
भीगने में सूखना कहीं नहीं बचता है
चराचर में जो है वह सब भीगता है
जो बचकर कहीं छुप जाते हैं
वे भी भीगते हैं
निश्चिंत होकर भीग पाने की इच्छा से
इसी तरह जब से तुम्हारे होंठ हैं परिदृश्य में
चूमना भी बना रहता है मेरे इर्द-गिर्द
न चूमने के समय में भी
मेरी त्वचा पर बरसती है
तुम्हारे होंठों की इच्छा
ऐसी बारिश में मेरी देह होती है
एक नया वृक्ष
जो झूमता है झकोरों से
भीगना तो आद्य है
और आद्यंत रहता है।








