मैटिनी शो

आलोकधन्वाआलोकधन्वा2 Sept 1948

2 min read · 12.4K reads

प्यार

पुराने टूटे ट्रकों के पीछे मैंने किया प्यार

कई बार तो उनमें घुसकर

लतरों से भरे कबाड़ में जगह निकालते

शाम को अपना परदा बनाते हुए

अक्सर ही बिना झूठ

और बिना चाँद के

दूर था अवध का शहर लखनऊ

और रेख़्ता से भीगी

उसकी दिलकश ज़बान

फ़िलहाल कोई एक देश नहीं

गोधूलि में पहले तारे के सिवा

पीठ के पीछे जो शहर था

वह शहर था भी और नहीं भी था

बनते-बनते उसे

अभी बनना था

औरतों और बच्चों से ताज़ादम बस्तियों

की गलियाँ ही गलियाँ

इनसे बाहर निकलते

छिपते-छिपाते

ऊँचाई पर बने आधी दीवार वाले फुटपाथों

के आसमान को गले लगाते

हम पहुँचते सिनेमाघर के भीतर

अमर मैटिनी शो के अँधेरे में

मैंने प्यार किया

हमारी पढ़ाई थी थोड़ी

हमारे जीने के साधन थे बेहद कठोर

फ़ुरसत नहीं थी इतनी कि बहस करते

ख़ाक होने तक जाते भटकने

घनी आबादी में पले हमारे शरीर में

इतना कोलाहल था इतनी चाहत थी

कि वह जो एक सूना डर सताना शुरू करता है

प्रेम के साथ-साथ

हम उससे अनजान ही रहे लगभग

जैसे शादी ही थी हमारी मंज़िल

हमारा ज़रिया आगे के सफ़र का

आख़िर शादी की बात पक्की हो गई

फिर तो जब भी काम से छुट्टी होती

साइकिल पर आगे बिठाकर

अपनी होने वाली बेग़म को

मैं निकल जाता था दूर

शहर के बाहर जाने वाली किसी

छायादार सड़क पर

साइकिल चलाते हुए

आँख चुराते हुए

कभी-कभी दोनों एक ही साथ

सीटी बजाते हुए किया प्यार

घर के लोग भी जल्दी ही

सहमत हो गए

मेहनत की रोटी खाने वाले हमारे परिवार

नहीं थे इतने जटिल इतने पत्थरदिल

कि हमें बार-बार मरते हुए देखते

हम नहीं थे उनके लिए ज़रा भी अजनबी

हमारा निर्दोष इंसान होना

उनके ख़ून में भी मौजूद था

तो एक दिन हमारी शादी हुई राज़ी-ख़ुशी

घर-गृहस्थी बसाते हुए

मुहल्ले भर के परिवारों में आते-जाते हुए

हम अभी भी कर रहे हैं प्यार

आसपास के रंगरूट आशिक़ों का

पता मालूम नहीं करना पड़ता

वे तो महीना नहीं बीतता

कि हो जाते हैं मशहूर

उनकी मदद के लिए मैं रहता हूँ तैयार

मोटर के चक्के बदलकर

इंजन में तेल भरकर।

आलोकधन्वा
About the poet

आलोकधन्वा

View profile & all 92 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like