फ़र्क़

आलोकधन्वाआलोकधन्वा2 Sept 1948

1 min read · 12.4K reads

देखना

एक दिन मैं भी उसी तरह शाम में

कुछ देर के लिए घूमने निकलूँगा

और वापस नहीं आ पाऊँगा!

समझा जाएगा कि

मैंने ख़ुद को ख़त्म किया!

नहीं, यह असंभव होगा

बिल्कुल झूठ होगा!

तुम भी मत यक़ीन कर लेना

तुम तो मुझे थोड़ा जानते हो!

तुम

जो अनगिनत बार

मेरी क़मीज़ के ऊपर ऐन दिल के पास

लाल झंडे का बैज लगा चुके हो

तुम भी मत यक़ीन कर लेना।

अपने कमज़ोर से कमज़ोर क्षण में भी

तुम यह मत सोचना

कि मेरे दिमाग़ की मौत हुई होगी!

नहीं, कभी नहीं!

हत्याएँ और आत्महत्याएँ एक जैसी रख दी गई हैं

इस आधे अँधेरे समय में।

फ़र्क़ कर लेना साथी!

आलोकधन्वा
About the poet

आलोकधन्वा

View profile & all 92 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like