वे ख़याल भी ख़ूब हैं
जो खुलकर आते हैं
तुम्हें देखकर...
पर वे ख़याल ही हैं
जिनकी ख़ामोशी से लेकर शोर तक में
अपने को और भी उलझा हुआ पाना
मेरे होने की पहचान है...
यह आत्म-वक्तव्य है
जिसमें अपने को
तुमसे न कह पाने की
चयनित विवशता के
चक्र दर चक्र चले निशानों का जाल है!
हाँ, जब-जब यह पता चलता है
कि तस्वीरों से इंसान नहीं निकल आते
तब-तब तुम्हारी अगली तस्वीर खोज लाता हूँ...
खोने पाने के निश्चित क्रम में
खोना ज़्यादा भारी रहा
सो बार-बार खोते और हारते हुए भी
नए सिरे से तुम्हें देखना
नई ऊर्जा देता है!








