एक लड़की की शिनाख़्त - अलका सिन्हा

अलका सिन्हाअलका सिन्हा9 Sept 1964

4 min read · 12.4K reads

अभी तो मैंने
रूप भी नहीं पाया था
मेरा आकार भी
नहीं गढ़ा गया था
स्पन्दनहीन मैं
महज़ माँस का एक लोथड़ा
नहीं, इतना भी नहीं
बस, लावा भर थी...

पर तुमने
पहचान लिया मुझे
आश्चर्य !
कि पहचानते ही तुमने
वार किया अचूक
फूट गया ज्वालामुखी
और बिलबिलाता हुआ
निकल आया लावा
थर्रा गई धरती
स्याह पड़ गया आसमान ।

रूपहीन, आकारहीन,
अस्तित्वहीन मैं
अभी बस एक चिह्न भर ही तो थी
जिसे समाप्त कर दिया तुमने ।

सोचती हूं कितनी सशक्त है
मेरी पहचान
कि जिसे बनाने में
पूरी उम्र लगा देते हैं लोग ।

जीवन पाने से भी पहले
मुझे हासिल है वह पहचान
अब आवश्यकता ही क्या है
और अधिक जीने की !

मुझे अफ़सोस नहीं
कि मेरी हत्या की गई !
अलका सिन्हा
About the poet

अलका सिन्हा

View profile & all 17 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like