हमारी भावनाएँ - अलका सर्वत मिश्रा

अलका सर्वत मिश्राअलका सर्वत मिश्रा2 Sept 1974

4 min read · 12.4K reads

देखो
हमारी भावनाएँ
अब
भावनाएँ नहीं रहीं
ये बन गयी हैं
बिफरा नाग
अब तो
ज़रा सा छेड़ना
घातक ही होगा
तुम्हारे लिए !

बहुत सहे हैं
आघात पर आघात
किन्तु
प्रत्याघात से ,दूर ही रहे हम
आज
ये गांधीवादी राह
विफल हो गयी लगती है !!

हम इन्तजार ही करते रह गये
कि कभी तुम्हें भी
हमारी भूख का एहसास हो,
हमारी प्यास सुखा दे
तुम्हारे अधरों को,
हमारी तकलीफ पर
तुम आह भरो
हमारी खुशियों में
तुम भी वाह करो !!!

अब ख़त्म हो चुकी हैं
इन्तजार की घड़ियाँ
आर-पार का संघर्ष है ये ,
हमारे हाथों में
तलवार ही
शायद तुम्हें पसंद हो !

पहले बता दिया होता
हम शान्तिपसंद /
प्रेम के पुजारी
लहू बहाना भी जानते हैं .
अलका सर्वत मिश्रा
About the poet

अलका सर्वत मिश्रा

View profile & all 17 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like