गीति-2 - अज्ञेय

अज्ञेयअज्ञेय7 Sept 1911 – 4 Sept 1987

3 min read · 12.4K reads

छोड़ दे, माँझी! तू पतवार।
आती है दुकूल से मृदुल किसी के नूपुर की झंकार,
काँप-काँप कर ठहरो! ठहरो! की करती-सी करुण पुकार
किन्तु अँधेरे में मलिना-सी, देख, चिताएँ हैं उस पार

मानो वन में तांडव करती मानव की पशुता साकार।
छोड़ दे, माँझी! तू पतवार।
जाना बहुत दूर है पागल-सी घहराती है जल-धार,
झूम-झूम कर मत्त प्रभंजन करता है भय का संचार

पर मीलित कर आँखों को तू तज दे जीवन के आधार-
ऊषा गगन में नाच रही होगी जब पहुँचेंगे उस पार!
छोड़ दे, माँझी! तू पतवार।
अज्ञेय
About the poet

अज्ञेय

View profile & all 0 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like