चक्रान्त शिला – 10 - अज्ञेय

अज्ञेयअज्ञेय7 Sept 1911 – 4 Sept 1987

6 min read · 12.4K reads

धुन्ध से ढँकी हुई
कितनी गहरी वापिका तुम्हारी
कितनी लघु अंजली हमारी।
कुहरे में जहाँ-तहाँ लहराती-सी कोई
छाया जब-तब दिख जाती है,

उत्कंठा की ओक वही द्रव भर ओठों तक लाती है-
बिजली की जलती रेखा-सी
कंठ चीरती छाती तक खिंच जाती है।
फिर और प्यास तरसाती है, फिर दीठ

धुन्ध में फाँक खोजने को टकटकी लगाती है।
आतुरता हमें भुलाती है
कितनी लघु अंजली हमारी,
कितनी गहरी यह धुन्ध-ढँकी वापिका तुम्हारी।

फिर भरते हैं ओक,
लहर का वृत्त फैल कर हो जाता है ओझल,
इसी भाँति युग-कल्प शिलित कर गये हमारे पल-पल
-वापी को जो धुन्ध ढँके है, छा लेती है

गिरि-गह्वर भी अविरल।
किन्तु एक दिन खुल जाएगा
स्फटिक-मुकुर-सा निर्मल वापी का तल,
आशा का आग्रह हमें किये है बेकल-धुन्ध-ढँकी

कितनी गहरी वापिका तुम्हारी,
कितनी लघु अंजली हमारी।
किन्तु नहीं क्या यही धुन्ध है सदावर्त
जिस में नीरन्ध्र तुम्हारी करुणा

बँटती रहती है दिन-याम?
कभी झाँक जाने वाली छाया ही
अन्तिम भाषा-सम्भव-नाम?
करुणा धाम!

बीज-मन्त्र यह, सार-सूत्र यह, गहराई का एक यही परिमाण,
हमारा यही प्रणाम!
धुन्ध-ढँकी कितनी गहरी वापिका तुम्हारी-
लघु अंजली हमारी।
अज्ञेय
About the poet

अज्ञेय

View profile & all 0 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like

उंगलियांसुबह सुबह स्कूल जाते एक बच्चे के साथ हैंदादी बनकर— प्रताप सोमवंशीपांवभले ही खड़ी हो पूरी देह इन परपूजने के बहुतेरे प्रतीक जुड़े हों पांवों के साथ— प्रताप सोमवंशीमुनव्वर राना के शेरअब जुदाई के सफ़र को मिरे आसान करोतुम मुझे ख़्वाब में आ कर न परेशान करो— मुनव्वर रानामहफ़िल में आज मर्सिया-ख़्वानी ही क्यूँ न होमहफ़िल में आज मर्सिया-ख़्वानी ही क्यूँ न होआँखों से बहने दीजिए पानी ही क्यूँ न हो— मुनव्वर रानामास्टर जीमास्टर जी, मेरे पतलून में कादा लगा है;देखिए न, कान पकड़कर खड़ा हो गया हूँ बैंच पर;— बीरेंद्र चट्टोपाध्यायतुलसीदासभक्त शिरोमणि तुलसीदास नेविनम्रता औ’ श्रद्धा से— बी. गोपाल रेड्डी