नन्दा देवी-1 - अज्ञेय

अज्ञेयअज्ञेय7 Sept 1911 – 4 Sept 1987

3 min read · 12.4K reads

 ऊपर तुम, नन्दा!
नीचे तरु-रेखा से
मिलती हरियाली पर
बिखरे रेवड को
दुलार से टेरती-सी
गड़रिये की बाँसुरी की तान :
और भी नीचे
कट गिरे वन की चिरी पट्टियों के बीच से
नये खनि-यन्त्र की
भट्ठी से उठे धुएँ का फन्दा।
नदी की घरेती-सी वत्सल कुहनी के मोड़ में
सिहरते-लहरते शिशु धान।
चलता ही जाता है यह
अन्तहीन, अन-सुलझ
गोरख-धन्धा!
दूर, ऊपर तुम, नन्दा!

बिनसर, सितम्बर, 1972
अज्ञेय
About the poet

अज्ञेय

View profile & all 0 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like