उसकी डुबकियाँ कहाँ-कहाँ तक थीं
उसकी उड़ानें कहाँ-कहाँ तक थीं
उसकी पकड़ कहाँ-कहाँ तक थी
उसकी समझ कहाँ-कहाँ तक थी
उसे पकड़ा कहाँ-कहाँ तक गया
उसे समझा कहाँ-कहाँ तक गया
जहाँ-जहाँ उसे हाँफना चाहिए था
ठीक वहाँ उसकी कहन में ताक़त आ रही थी
बड़बड़ाता था जहाँ-जहाँ
लगता था कि बौखलाहट में अब टूट जाएगा
रो लेना चाहता था जहाँ-जहाँ
ठीक वहीं उसमें से उल्लास फूट रहा था
जहाँ-जहाँ वह हारा हुआ दिखता था
वहीं वह तैयार हो रहा था
पस्त लगता था शर्मिंदा हो रहा था
उसकी सारी हेकड़ी निकलती दिखती थी जहाँ-जहाँ
ठीक वहीं
ठीक वहीं वह ज़िंदा हो रहा था
कोई समझ भी लेता तो क्या समझ लेता
कोई पकड़ भी लेता तो क्या पकड़ लेता
कि उसकी डुबकियाँ कहाँ-कहाँ तक थीं
उसकी उड़ानें कहाँ-कहाँ तक थीं








