पुन्नू मिस्त्री - अदनान कफ़ील दरवेश

अदनान कफ़ील दरवेशअदनान कफ़ील दरवेश30 Sept 1994

8 min read · 12.4K reads

मेरे कमरे की बालकनी से दिख जाती है
पुन्नू मिस्त्री की दुकान
जहाँ एक घिसी पुरानी मेज़ पर
पुन्नू ख़राब पँखे ठीक करता है
जब सुबह मैं
चाय के साथ अख़बार पढ़ता हूँ
वो पँखे ठीक करता है
और जब मैं शाम की चाय
अपनी बालकनी के पास खड़े होकर पीता हूँ
पुन्नू तब भी पँखे ठीक करता दिख जाता है

मुझे नहीं मालूम कि उसे पँखे ठीक करने के अलावा भी
कोई और काम आता है या नहीं
या उसे किसी और काम में कोई दिलचस्पी भी होगी
पुन्नू मिस्त्री की कलैण्डर में कोई इतवार नहीं आता
मुझे नहीं पता जबसे ये कॉलोनी बसी है
तबसे पुन्नू पँखे ही ठीक कर रहा है या नहीं
लेकिन फिर भी मुझे पता नहीं ऐसा क्यूँ लगता है कि
सृष्टि की शुरूआत से ही पुन्नू पंखे ठीक कर रहा है..

मेरे पड़ोसी कहते हैं कि, “पुन्नू एक सरदार है”
कोई कल कह रहा था कि, “पुन्नू एक बोरिंग आदमी है”
मुझे नहीं मालूम कि बाक़ी और लोगों की क्या राय होगी
इस दाढ़ी वाले अधेढ़ पुन्नू मैकेनिक के बारे में
लेकिन मैं कभी-कभी सोचता हूँ कि कोई दिन मैं अपनी गली भूल जाऊँ
और पुन्नू भी कहीं और चला जाए
तो मैं अपने घर कैसे पहुँचूँगा?

मुझे पुन्नू इस गली का साइनबोर्ड लगता है
जिसका पेण्ट जगह-जगह से उखड़ गया है
लेकिन फिर भी अपनी जगह पर वैसे ही गड़ा है
जैसे इसे यहाँ गाड़ा गया होगा
पुन्नू की अहमियत इस गली के लोगों के लिए क्या है
ये शायद मुझे नहीं मालूम
लेकिन मुझे लगता है कि
पुन्नू की दुकान इस गली की घड़ी है
जो इस गली के मुहाने पर टँगी है...

(रचनाकाल: 2016)
अदनान कफ़ील दरवेश
About the poet

अदनान कफ़ील दरवेश

View profile & all 73 Poems / Stories