दुनिया का नक़्शा - अच्युतानंद मिश्र

Achyutanand Mishraअच्युतानंद मिश्र27 Feb 1981

10 min read · 12.4K reads

मैं जानता हूँ
मैं उनके नक़्शे में
कहीं नहीं हूँ
वे चुपके से हर रात
मेरी नींद में आते हैं
फूल पत्थर नदी पहाड़
चुरा ले जाते हैं ।

जब चुभने लगती है
उन्हें मेरी हँसी
वे मुझे बाँध देते हैं
किसी पेड़ से
मैं उदास सोचता रहता हूँ
मेरी उदासी नाप आती है
दुनिया की पूरी लम्बाई
मेरे पैरों के नीचे
घूमती धरती थम जाती है ।

सूरज अपनी आँखें झुका
शर्मिन्दा-सा हो जाता है
नदियाँ खिलखिलाना भूलकर
कोई दुखभरा राग छेड़ देती हैं
पत्थर एक अजीब-सी ख़ामोशी में
जड़ स्तब्ध खड़े रहते हें ।
ऐसे में
पेड़ सुनाते हैं मुझे
एक पुरानी कहानी
हवा के झोंकों से दुलारते हुए
वो मुझे बताते हैं
हर ज़ंजीर उसी लोहे से कटती है
जिससे वह बनती है ।

और जब दुनिया की सबसे गीली मिट्टी
मेरे पैरों के नीचे होती है
मैं सारे दर्द
भूल जाता हूँ
रोटी की मीठी सुगंध
भर जाती है मेरी नस-नस में
मेरा मन करता है
मैं धरती को चूम लूँ

मैं फावड़ा हाथ में
लिए धरती की छाती पर
उकेरता हूँ
गोल-गोल रोटियाँ
और तब
मैं ख़ुद से पूछता हूँ
क्या दुनिया के इस नक़्शे को
इसी दुनिया का नक़्शा मानना चाहिए
जिसमें कहीं कोई लड़की
फ़सल का गीत नहीं गाती
जहाँ कोई बच्चा गिरकर
उठ नहीं पाता
जहाँ किसी फावड़े को उठाए हाथ
फूलों को सहलाते नहीं
जहाँ आदमी की आँख आकाश की ऊँचाई देखकर
आश्चर्य से फटी नहीं रह जाती
जहाँ एक औरत अपनी गीली आँखों को पोछ
फिर से काम में नहीं जुट जाती
अगर ऐसा नहीं है
तो फिर ये कैसी दुनिया है ?

मैं चाहता हूँ
दुनिया के नक्शे को
मेरे रूखड़े सख़्त हाथों की तरह
होना चाहिए
मेरी बेटी के हँसते वक़्त
दिखने वाले छोटे दाँतों की तरह
होना चाहिए
मेरी पत्नी के
खुले केशों की तरह
होना चाहिए

उठता नहीं है मेरा भरोसा
दुनिया के सबसे
मेहनतकश हाथ से
कि एक दिन
चाहे सदियों बाद ही सही
बनेगा दुनिया का एक ऐसा नक़्शा
जहाँ हर उठे हुए हाथ में फावड़ा
और हर झुके हुए हाथ में रोटी होगी ।
Achyutanand Mishra
About the poet

Achyutanand Mishra अच्युतानंद मिश्र

युवा कवि-आलोचक अच्युतानंद मिश्र का जन्म 27 फरवरी 1981 को बोकारो में हुआ | स्कूल तक कि पढ़ाई बोकारो से । आगे की पढ़ाई दिल्ली विश्वविद्यालय से हुई ।विभिन्न पत्र-पत्रिकाओं में कविताएँ एवं आलोचनात्मक गद्य प्रकाशित ।हाल ही में संवेद फ़ाउंडेशन से आलोचना की पुस्तिका…

View profile & all 63 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like

ये दरवेशों की बस्ती है यहाँ ऐसा नहीं होगाये दरवेशों की बस्ती है यहाँ ऐसा नहीं होगालिबास-ए-ज़िंदगी फट जाएगा मैला नहीं होगा— मुनव्वर रानाचले मक़्तल की जानिब और छाती खोल दी हम नेचले मक़्तल की जानिब और छाती खोल दी हम नेबढ़ाने पर पतंग आए तो चर्ख़ी खोल दी हम ने— मुनव्वर रानाकुछ नहीं चाहने वाली लड़कीसोलह की यह लड़की दो-तीन साल पहले तकपेड़-पौधों पर रखती थी पाँव— ऐश्वर्य राजआंबेडकर“तुम्हारे दीन मुखों को देखकरकरुणा भरे स्वरों को सुनकर— बी. गोपाल रेड्डीमेरा और मेरी पृथ्वी का(लंबी कविता के कुछ अंश)वैसा ही हूँ, दुख मेरी गोद का बच्चा, बार-बार— हीरेन भट्टाचार्यतालाब-1मैं क्षिति तल परतुम्हारे सुख-दुख का— ब्रजरतन जोशी