आँख में तिनका या सपना - अच्युतानंद मिश्र

Achyutanand Mishraअच्युतानंद मिश्र27 Feb 1981

8 min read · 12.4K reads

ताकती क्या है रे मनिया
मिस जोजो की आँख में
सपना है कि तिनका है
चुभता है जो आँख में ?

सपना भी कहीं चुभता है ?

माई कहती थी
“गरीबन के आँख में
सपना भी चुभता है”
कभी-कभी तो माई
अजबे बात करती
कहती “भूख में गुल्लर मीठी”

एक बार बाबा के साथ माई
घूमने गई मेला
कोई चोर भाग रहा था
उसके पीछे भाग रहे थे लोग
डरकर माई ने पकड़ लिया बाबा का हाथ
और छोड़ना भूल गई
वहीं बाबा ने खींचकर
एक थप्पड़ लगाया
और कहा
कहाँ से सीख आई ये शहरातू औरतों वाली चाल ?
बाद को ये किस्सा माई
बाबा की तारीफ़ में
सबको सुनाती
हँस-हँसकर थोड़ा लजाती हुई
एकदम वैसे जैसे मिस जोजो
सुनाती हैं अपने प्रेमियों के
चटपटे किस्से
जब भी दिन के वक़्त कभी
बाबा माई को मारते
तो माई झट से
चूल्हे के पास बैठकर
धुआँ कर लेती
उसकी आँख से झरझर
आँसू गिरतें
कहती इस बार लकड़ी बहुत गीली है
आँख मैं धुआँ लगता है
या कहती कोई तिनका
उड़कर आ गया है आँख में

मिस जोजो दिन के वक़्त
मनिया को बहुत अच्छी लगती
पर रात के वक़्त उनकी आँखें
टेसू के फूल की तरह लाल
डर के मारे छिप जाती
मनिया रसोई में

और थोड़ी देर बाद
एक बाबू आता सीधे घुस जाता
मिस जोजो के कमरे में
सुबह मिस जोजो की आँख से
वो लाली ग़ायब
शायद वो बाबू ही ले जाता होगा
कोई जादूगर ही होगा !

आज सुबह से ही मिस जोजो की आँख से
झर-झर गिर रहे हैं आँसू
मनिया कहती है
आँख में कोई तिनका आ गया होगा
मिस जोजो कहती है
धत् पगली !
तिनका आँख में आ जाए
तो इतने आँसू नहीं बहते
ये तो यूँ तब बहते हैं
जब टूटता है कोई सपना

मनिया हैरान है
सोचती है
माई की आँख में तो तिनका...।
Achyutanand Mishra
About the poet

Achyutanand Mishra अच्युतानंद मिश्र

युवा कवि-आलोचक अच्युतानंद मिश्र का जन्म 27 फरवरी 1981 को बोकारो में हुआ | स्कूल तक कि पढ़ाई बोकारो से । आगे की पढ़ाई दिल्ली विश्वविद्यालय से हुई ।विभिन्न पत्र-पत्रिकाओं में कविताएँ एवं आलोचनात्मक गद्य प्रकाशित ।हाल ही में संवेद फ़ाउंडेशन से आलोचना की पुस्तिका…

View profile & all 63 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like