आख़िर कब तक बची रहेगी पृथ्वी - अच्युतानंद मिश्र

Achyutanand Mishraअच्युतानंद मिश्र27 Feb 1981

10 min read · 12.4K reads

वे बचाएँगे पृथ्वी को
जी-२० के सम्मलेन में
चिंतित उनकी आँखें
उनकी आँखों में डूबती पृथ्वी

नष्ट हो रहा है पृथ्वी का पर्यावरण
पिघल रही है बर्फ़
और डूब रही है पृथ्वी
वे चिंतित हैं पृथ्वी कि बाबत
जी-२० के सम्मलेन में
 
पृथ्वी का यह बढ़ता तापमान
रात का यह समय
और न्योन लाइट की
रौशनी में जगमगाता हॉल
हॉल में दमकते उनके चेहरे
और उनके चेहरे से टपकती चिंताएँ
और चिंताओं में डूबती पृथ्वी !

क्या पृथ्वी का डूबना बच रहा है
जी-२० के इस सम्मलेन में ?
कौन सी पृथ्वी बचायेंगे वो
वो जो ग्लोब सरीखी रखी है
जी-२० के इस सम्मलेन में !
क्या प्लास्टिक की वह पृथ्वी
डूब जाएगी ?

डूबते किसान को कुछ भी नहीं पता
डूबती पृथ्वी के बारे में
जी-२० के सम्मलेन को वह नहीं जानता
उसे पता है हल के फाल और मूठ का
जो धरती की छाती तक जाती है
जहाँ वह बीज बोता है
और महीनों, वर्षों, सदियों
सींचता है अपने पसीने से
ताकि बची रहे पृथ्वी

बाँध टूट गया है
किसी भी वक़्त डूब सकता है गाँव
लहलहाती फसल डूब जाएगी
डूबता किसान डूबती धरती के बारे में सोचता है
जी-२० की तरह नहीं
किसान की तरह
अपने निर्जन अँधकार में

यह बारह का वक़्त है
जी-२० का सम्मलेन ख़त्म हो रहा है
सुबह अख़बारों में छपेंगी उनकी चिंताएँ
वे एक दूसरे का अभिवादन करते हैं
और रात के स्वर्णिम होने की शुभकामनाएँ देते हैं

नदी के शोर के बीच
टूटता है बाँध
किसान के सब्र का
उसकी आँखों के आगे नाचते हैं
उसके भूखे बिलखते बच्चे
दिखती है देनदार की वासनामयी आँखें
उसकी बीबी को घूरते

एक झटके से खोलता है
वह डी०डी०टी० का ढक्कन !

सुबह के अख़बार पटे पड़ें है
सफल जी-२० के सम्मलेन की ख़बरों से
डूबते गाँव में कोलाहल है
किसान की लाश जलाई नहीं जा सकेगी
वह उन फ़सलों के साथ
बह जाएगी जी-२० के सम्मलेन के पार
समुद्र में !

आख़िर कब तक
बची रहेगी पृथ्वी ?
Achyutanand Mishra
About the poet

Achyutanand Mishra अच्युतानंद मिश्र

युवा कवि-आलोचक अच्युतानंद मिश्र का जन्म 27 फरवरी 1981 को बोकारो में हुआ | स्कूल तक कि पढ़ाई बोकारो से । आगे की पढ़ाई दिल्ली विश्वविद्यालय से हुई ।विभिन्न पत्र-पत्रिकाओं में कविताएँ एवं आलोचनात्मक गद्य प्रकाशित ।हाल ही में संवेद फ़ाउंडेशन से आलोचना की पुस्तिका…

View profile & all 63 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like

मुनव्वर राना के शेरअब जुदाई के सफ़र को मिरे आसान करोतुम मुझे ख़्वाब में आ कर न परेशान करो— मुनव्वर रानाये सर-बुलंद होते ही शाने से कट गयाये सर-बुलंद होते ही शाने से कट गयामैं मोहतरम हुआ तो ज़माने से कट गया— मुनव्वर रानाकुछ नहीं चाहने वाली लड़कीसोलह की यह लड़की दो-तीन साल पहले तकपेड़-पौधों पर रखती थी पाँव— ऐश्वर्य राजप्रतिज्ञाप्रतिज्ञाएँ बहा दो पानी में लड़कीप्रतिज्ञाएँ बहाओ पानी में;— बीरेंद्र चट्टोपाध्यायभूमिहीनभूख के शिकार पर निकले ये शिकारीएकदम मुकम्मल आदमी हैं— हुकुम ठाकुरआओ मिट्टी-मिट्टी खेलेंहमें आँतों से सोचना होता हैसुबह और शाम की पालियों में कटता दिन— हुकुम ठाकुर